Reporter Vishnu Dayal
इंजीनियर्स डे के उपलक्ष्य में 15 सितंबर, 2025 को सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) में टेक्नोलॉजी सम्मेलन (Tech Conference) वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बी.टेक. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) एवं कंप्यूटर इंजीनियरिंग (CE) के द्वितीय वर्ष के छात्रों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से सशक्त करना रहा। यह आयोजन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग एवं Institution’s Innovation Council (IIC) के संयुक्त सहयोग से सम्पन्न हुआ।
वर्कशॉप में छात्रों को वेब डेवलपमेंट की मूलभूत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई, जिसमें यह समझाया गया कि वेबसाइट निर्माण में मुख्यतः तीन तकनीकें – HTML, CSS और GitHub – का प्रयोग किया जाता है। HTML का उपयोग वेबपेज की संरचना तैयार करने में, CSS का प्रयोग पेज को आकर्षक बनाने में तथा GitHub का प्रयोग कोड स्टोरेज, वर्शन कंट्रोल और टीम सहयोग के लिए किया जाता है। इस प्रशिक्षण से छात्रों को यह अनुभव मिला कि किस प्रकार इन तकनीकों के माध्यम से प्रभावी वेबसाइट तैयार कर उसे इंटरनेट पर प्रकाशित किया जा सकता है।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी, प्रबंधन अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मनप्रीत कौर, कंप्यूटर साइंस विभाग के अकादमिक कोऑर्डिनेटर श्री श्रिश गुप्ता, बीसीए विभाग की अकादमिक कोऑर्डिनेटर सुश्री मृणाल, IIC की संयोजक डॉ. स्नेहा शर्मा तथा Institution’s Innovation Council के अन्य सदस्य एवं फैकल्टी मेंबर्स उपस्थित रहे। वर्कशॉप का तकनीकी समन्वयन सुश्री रचना श्रीवास्तव एवं सुश्री दीपिका खुराना (असिस्टेंट प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग) द्वारा किया गया।
प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी ने सभी को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि Tech Conference जैसे आयोजन छात्रों के तकनीकी ज्ञान, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास हैं और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
अंततः यह वर्कशॉप अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं सफल रही, जिसमें छात्रों ने वेब डेवलपमेंट के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया, जो उनके करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।



