Reporter Sanjay Toppo
गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में नियमित रूप से जनशिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज गुरुवार को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, चैनपुर एवं सिसई में जनशिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया।
चैनपुर प्रखंड में कुल 25 आवेदनों की प्राप्ति हुई, जिनमें पेंशन, दाखिल-खारिज, जन्म प्रमाण पत्र, पंजी-2 सुधार, मकान क्षति मुआवजा, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र तथा फसल क्षति मुआवजा से संबंधित आवेदन शामिल रहे। इनमें से 18 आवेदनों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, शेष पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इसी प्रकार सिसई प्रखंड में कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, मईया योजना, बैंक, पेयजल, सड़क सुरक्षा तथा अन्य विषयक आवेदन शामिल थे। इनमें से 7 आवेदनों का निवारण तत्काल किया गया जबकि शेष 8 आवेदनों को संबंधित विभाग को अग्रसारित कर दिया गया है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनशिकायत निवारण दिवस में प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध समाधान उपलब्ध हो सके।



