विष्णु दयाल : संवाददाता
तावड़ू/फरीदाबाद.01 फरवरी।
कामधेनु आरोग्य वैलनेस संस्थान में आज निःशुल्क चिकित्सा शिविर तथा मासिक हवन का सफल आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “पंचगव्य, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा का आत्मनिर्भर भारत में योगदान” रहा। आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने भाग लेकर शिविर का लाभ उठाया एवं पंचगव्य तथा प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता प्राप्त की।
इस अवसर पर संस्थान के महामंत्री प्रियंक गुप्ता ने सफलता पूर्वक मंच संचालन किया और बतौर मुख्य अतिथि गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा,मुख्य वक्ता के रूप में एकल फाउंडेशन अध्यक्ष आर्य रविदेव गुप्त, गरिमामयी उपस्थिति नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के संस्थापक निदेशक तथा पेन मेडिसिन के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. प्रदीप जैन, बतौर विशिष्ट अतिथि लोकतन्त्र सेनानी संगठन हरियाणा के अध्यक्ष महावीर भारद्वाज, नाईजीरिया से ज्योतिषी, अंकशास्त्री तथा हस्तरेखाविद् डॉ. राजश्री नन्दा, ट्रांस कार्गो के मालिक वेद प्रकाश गुप्ता, चिकित्सा शिविर के परामर्शक के रूप में व्हीट ग्रास मास्टर एंड ट्रेडिशनल हर्ब्स एक्सपर्ट नरेश कुमार जैन एवं सर्टिफाइड एक्यूप्रेशर थैरेपिस्ट वर्धमान जैन तथा हरियाणा राज्य और देश के अनेक महानुभव उपस्थित रहे ।
हवन से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया । हवन का संचालन आदर्श गर्ग ने किया।
हवन प्रथा के अनुसार फरवरी मास में जिन लोगों के जन्मदिवस, विवाह की वर्षगांठ एवं पुण्यतिथि थी, उनके नाम से अग्नि देव को आहुति अर्पित की गई तथा समस्त मानव जाति के हित में सुख-शांति के लिए प्रार्थना की गई।
डॉ.प्रदीप जैन ने संस्थापक डॉ.एस.पी. गुप्ता,महावीर भारद्वाज, डॉ.अतुल गुप्ता, नरेश कुमार जैन एवं अन्य गणमान्यों के साथ निःशुल्क न्यूरोथैरेपी उपचार शिविर का उद्घाटन किया।
स्वागत कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप जैन का स्वागत ऊषा गर्ग तथा पायल गुप्ता ने, आर्य रविदेव का नरेश गुप्ता तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संचालक सुनील जिंदल ने, महावीर भारद्वाज का अध्यक्षा शशि गुप्ता तथा पवन जादू ने, डॉ. राजश्री नन्दा का पुरेन्द्र गोयल तथा यामिनी शर्मा ने, नरेश कुमार जैन का आदर्श गर्ग तथा जयसिंह बिस्सर ने, वेद प्रकाश गुप्ता का दीपक जैन तथा बालकृष्ण सोनी ने तुलसी का पौधा, कामधेनु स्मृति चिन्ह, कामधेनु आँवलाप्राश एवं पटका भेंट करके किया।
डॉ.एस पी गुप्ता ने सभी गणमान्य अतिथियों का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि गोमाता के सान्निध्य में रहने से गोमाता की चतुर्विध कृपा हमारे ऊपर बरसती है। उन्होंने बताया कि यहाँ गोशाला,कल्पवृक्ष, नैचुरोपैथी,आयुर्वेदिक,योग, पंचकर्म, गो-थेरैपी, पञ्चगव्य आधारित उत्पादों का निर्माण इत्यादि बहुत सी सुविधाएं उपलब्ध हैं उनका सभी को लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूरे दिल्ली-एन.सी.आर में वायु प्रदूषण का सूचक लगभग 350 है परन्तु केवल बिस्सर एकमात्र ऐसा क्षेत्र है जहाँ का वायु गुणवत्ता सूचक(ए.क्यू.आई) 91 है तथा गोमाता की कृपा से संस्थान परिसर के भीतर का वायु गुणवत्ता सूचक तो 50 रहता है । उन्होंने बताया कि आयुर्वेद एवं नैचुरोपैथी को वैकल्पिक इलाज कहना अंग्रेज़ों का षडयन्त्र था जबकि यह तो सनातन है तथा पद्धति तो पुरातन समय से चली आ रही है । वैकल्पिक तो एलोपैथी को ही कहना चाहिए ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरुग्राम के माननीय विधायक मुकेश शर्मा रहे। उन्होंने कामधेनु आरोग्य वैलनेस संस्थान का अवलोकन किया तथा कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएँ दी ।
डॉ. राजश्री नन्दा ने डॉ. गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए अपना अनुभव बताते हुए कहा कि संस्थान के विषय में उन्होंने पिछले वर्ष सुना था । यहाँ की सकारात्मक ऊर्जा उनके लिए वरदान से कम नहीं हैं । वे यहाँ एक महीने रहकर स्वास्थ्य लाभ लेंगी जिसमें से 15 दिन उन्हें यहाँ रहते हुए हो गए हैं जिसमें उन्होंने 7 किलो वज़न घटाया है । यहाँ रहकर सुबह कल्पवृक्ष के दर्शन होते हैं और शाम को कामधेनु का आशीर्वाद मिलता है । उन्होंने सबसे अनुरोध किया कि जब तक स्वास्थ्य अपने हाथ में है तभी उसे संभाले और गोमाता का आशीर्वाद प्राप्त करें ।
महावीर भारद्वाज ने अपने वक्तव्य में कहा कि डॉ. गुप्ता तथा बहन शशि गुप्ता की तपस्या का फल यह कामधेनु संस्थान मेरा अपना है । यहाँ आने के लिए मैं हमेशा तत्पर रहता हूँ । जैसे मोबाईल को चलाने के लिए चार्जर होता है ठीक उसी प्रकार मेरा चार्जर यह संस्थान है । इस आदर्श संस्थान का प्राकृतिक वातावरण अत्यन्त मनोरम है । उन्होंने सभी से स्वास्थ्य की दृष्टि से समय निकालकर यहाँ गोमाता के सान्निध्य में आने तथा स्वास्थ्यलाभ लेने का अनुग्रह किया ।
डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि जो ईश्वर ने हमें दिया है पहले उसे संभाल कर रखिए । दिमागी कसरत अत्यन्त आवश्यक है । नागरिकों को स्वास्थ्य परामर्श देते हुए वैकल्पिक उपचार एवं जीवनशैली सुधार की महत्ता बताई।
आर्य रविदेव गुप्त ने पंचगव्य और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों की वैज्ञानिक उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोमाता को कामधेनु इसीलिए कहते हैं क्योंकि वो कामनाओं को पूर्ण करती है । उन्होंने कहा कि गोमाता की रक्षा तबतक नहीं हो सकती जबतक वह प्रत्येक घर में प्रतिष्ठित ना हो । आजकल के परिवेश को देखते हुए यह संभव नहीं है । इसी का विकल्प है हर एक सोसायटी में गायों का हॉस्टल (आवास) बनाना । उसमें 2-2 देसी गाय प्रत्येक निवासी ला कर रखे तता उनकी सेवा करें । सुबह शाम उसे गोग्रास खिलाएँ, प्रेम करें तथा सदस्य की भांति रखें । इससे घर में भी अमृतमयी दूध मिलेगा और स्वास्थ्य भी मिलेगा। विडंबना है कि आज की पीढ़ी को यह तक नहीं पता कि ऑघर में दूध आता कहाँ से है । हम अपने शब्दों को केवल वाणी तक सीमित ना रखें बल्कि लोकाचार में भी अपनाएँ। शिविर में नरेश कुमार जैन तथा वर्धमान जैन द्वारा भी सेवाएं प्रदान की गईं ।
अध्यक्षा शशि गुप्ता ने अपने धन्यवाद प्रस्ताव में सभी अतिथियों और गोप्रेमियों के पधारने के लिए धन्यवाद दिया तथा “स्वस्थ जीवन–स्वस्थ समाज” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया ।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने कामधेनु मन्दिर एवं कामधेनु आरोग्य वैलनेस संस्थान का अवलोकन किया तथा गौवंश को सवामणि एवं चारा अर्पित करने के उपरान्त प्रसाद ग्रहण किया ।
इस अवसर पर सामाजिक राजनीतिज्ञ कार्यकर्ता रमेश ढ़ाका, नविता ढ़ाका, सेवानिवृत्त टैक्स कमिश्नर हरियाणा कुलबीर सिंह मलिक, राजेश्वर ठाकरान, शीशपाल, महावीर बोहरा, सुनील, आदर्श गर्ग, धर्मवीर गर्ग, सुखबीर उर्फ तेजपाल बिस्सर सहित क्षेत्रीय गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।



