Wednesday, February 4, 2026

डुमरी प्रखंड में अंचल दिवस कार्यक्रम सम्पन्न – जनसमस्याओं का समाधान एवं परिसंपत्ति/प्रशस्ति-पत्र वितरण

Reporter Sanjay Toppo
गुमला : उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से अंचल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज डुमरी प्रखंड मुख्यालय परिसर में अंचल दिवस कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र बड़ाइक ने की।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरी, अंचल अधिकारी डुमरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवेदनों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया। बड़ी संख्या में प्राप्त अंचल संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों में दोनों पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित कर पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ।

- Advertisement -

आज के अंचल दिवस कार्यक्रम में कुल 101 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 40 आवेदनों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 62 मामलों की जाँच कर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए गए। जाति प्रमाण पत्र हेतु आए 12 आवेदकों को कार्यक्रम स्थल पर ही प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। इसी प्रकार 17 आय प्रमाण पत्र तथा 9 आवासीय प्रमाण पत्र के आवेदनों का भी ऑन द स्पॉट समाधान कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए। पारिवारिक सदस्यता प्रमाणन से जुड़े एक आवेदन का तत्काल निस्तारण किया गया।

भूमि विवाद संबंधी 27 मामलों को विधिवत जाँच हेतु अग्रसारित किया गया, जबकि पंजी–II सुधार से संबंधित दोनों आवेदनों की जाँच करने के निर्देश दिए गए। किसान क्रेडिट कार्ड की श्रेणी में प्राप्त एक आवेदन का तत्काल समाधान किया गया तथा विविध श्रेणी में आए 27 आवेदनों की जाँच हेतु आदेश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच प्रशस्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर नागरिकों ने प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

*अगला अंचल दिवस दिनांक 30 अगस्त 2025 को चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने चैनपुर प्रखंड के सभी निवासियों से अपील की है कि वे अंचल दिवस में सम्मिलित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान हेतु लाभ उठाएँ।*

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org