फरीदाबाद स्थित सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) में दिनांक 23 अगस्त 2025 को फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों के समग्र विकास और कल्याण हेतु टोटल वेल बीइंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बजाज कैपिटल के सहयोग से संपन्न हुआ।
सत्र का संचालन श्री नितिन कपूर (ए.वी.पी., बजाज कैपिटल) और सुश्री श्रेया अग्रवाल (को-फाउंडर, पर्सनल न्यूट्रिशन) ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने जीवन में संतुलन और सफलता के लिए धन प्रबंधन, व्यक्तिगत पोषण योजना और जीवन के उद्देश्य जैसे पहलुओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि आर्थिक स्वतंत्रता, संतुलित आहार और लक्ष्यपूर्ण जीवन ही वास्तविक संतोष और कार्यकुशलता का आधार हैं। उनके विचारों में इकिगाई पुस्तक से प्रेरित जीवन दर्शन झलक रहा था, जिसने उपस्थित सभी को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी एवं स्टाफ को विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियों में शामिल किया गया, जिनमें उन्होंने वित्तीय योजना और संतुलित जीवनशैली से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इन चर्चाओं ने सत्र को और अधिक प्रेरक एवं सार्थक बना दिया।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी जी ने अपने संदेश में कहा कि “सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट अपने फैकल्टी और स्टाफ के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। आज के व्यस्त जीवन में मानसिक, शारीरिक और वित्तीय संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मकता और संतोष का भी संचार करते हैं।”
इस अवसर पर कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर श्री समर महापात्रा, ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- कार्यक्रम का समापन डॉ. मनप्रीत कौर, विभागाध्यक्ष – प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करने के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं सहयोगी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन स्टाफ और फैकल्टी के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।



