विष्णु दयाल : संवाददाता
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET), फरीदाबाद के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने 27 अक्टूबर 2025 को मिडास कंसल्टिंग के सहयोग से बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए विशेष रूप से यह प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की। यह कार्यक्रम छात्रों को प्रतिष्ठित कंपनी में करियर के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था
कंपनी की ओर से श्री अर्पित माथुर (Business Development Head) और श्री धीरज सिंह (Principal Software Architect) संस्थान में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को कॉर्पोरेट जगत की अपेक्षाओं, तकनीकी कौशल के महत्व और निरंतर सीखने की आवश्यकता पर प्रेरक विचार साझा किए।
ड्राइव के दौरान भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में लिखित परीक्षा (Written Test) आयोजित की गई, जिसमें कुल 72 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस परीक्षा के आधार पर 31 विद्यार्थियों का चयन इंटरव्यू राउंड के लिए किया गया। दूसरे चरण में छात्रों का साक्षात्कार मिडास कंसल्टिंग के प्रतिनिधियों द्वारा लिया गया, जिसमें उनकी तकनीकी जानकारी, तर्क क्षमता, संचार कौशल और आत्मविश्वास का मूल्यांकन किया गया।
सभी चरणों के बाद 5 प्रतिभाशाली छात्रों का अंतिम चयन किया गया, जिन्हें कंपनी में आगे की प्रक्रिया के लिए आमंत्रित किया गया है।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने एस.डी.आई.ई.टी. के विद्यार्थियों की तैयारी, ज्ञान और पेशेवर दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों में तकनीकी क्षमता के साथ-साथ सकारात्मक दृष्टिकोण और टीम भावना भी देखने को मिली।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने चयनित छात्रों को हार्दिक बधाई दी और उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ते हैं और उन्हें करियर के लिए तैयार करते हैं।
यह प्लेसमेंट ड्राइव न केवल विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर रही, बल्कि यह एस.डी.आई.ई.टी. की उद्योग जगत से मजबूत होती साझेदारी का भी प्रतीक है।



