विष्णु दयाल : संवाददाता
सिरोही स्थित मिल्लत गर्ल्स स्कूल में 76वां गणतंत्र दिवस उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत चित्रकला प्रतियोगिता, राष्ट्रीय नायकों पर निबंध लेखन तथा हस्तकला (हैंडिक्राफ्ट) डिज़ाइनिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निबंध प्रतियोगिता में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान राष्ट्रीय नायकों के जीवन, विचारों और योगदान पर छात्राओं ने प्रभावशाली लेख प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और बहुमुखी कौशल देखने को मिला।
इसके पश्चात विद्यालय की दो सबसे कम उम्र की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। ध्वजारोहण के बाद स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित एक इस्लामिक नज़्म प्रस्तुत की गई, जिससे वातावरण देशभक्ति और आपसी सौहार्द से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।



