विष्णु दयाल : संवाददाता
सीएसई विभाग द्वारा विश्वविद्यालय मेरिट रैंक धारकों का सम्मान समारोह
फरीदाबाद, 16 अक्टूबर 2025 — सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग द्वारा बी.टेक (सीएसई) और बीसीए (डेटा साइंस) कार्यक्रमों के विश्वविद्यालय मेरिट रैंक धारक छात्रों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया जिसमें उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, वाईएमसीए, फरीदाबाद की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया। समारोह में विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य डॉ शैलेन्द्र त्यागी, बीटेक कॉर्डिनेटर श्री शिरीष गुप्ता, बीसीए कॉर्डिनेटर सुश्री मृणाल मंजरी और डिपार्टमेंट के अन्य फैकल्टी मेंबर्स भी शामिल हुए। बी.टेक (सीएसई) कार्यक्रम से सम्मानित छात्र थे – राहुल पंडित (सातवें सेमेस्टर में चौथा स्थान), निपुण ग्रोवर (पाँचवें सेमेस्टर में प्रथम स्थान), गोविंद शर्मा (द्वितीय स्थान), पूजा रावत (तृतीय स्थान), नितिश कुमार कमाती (पाँचवाँ स्थान), सानिया (आठवाँ स्थान) और वंश (तीसरे सेमेस्टर में द्वितीय स्थान)। वहीं बीसीए (डेटा साइंस) कार्यक्रम से सम्मानित छात्र थे — आनंद कुमार (पाँचवाँ स्थान), एकता (सातवाँ स्थान), रोहित कुमार (तीसरा स्थान) तथा कल्पना कुमारी (पाँचवाँ स्थान)। पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता में संस्थान के समर्पित शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भी इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेते हुए अपने भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प लिया।
प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि संकाय के परिश्रम, संस्थान के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण और छात्रों की लगन का परिणाम है तथा ऐसे अवसर संस्थान के लिए गौरव के क्षण हैं। बीसीए (डेटा साइंस) कोर्स कोऑर्डिनेटर सुश्री मृणाल ने कहा कि विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन उनके परिश्रम और अनुशासन का प्रतीक है और यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को और प्रबल करेगा। वहीं बी.टेक (सीएसई) कोर्स कोऑर्डिनेटर श्री श्रिष गुप्ता ने बताया कि इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, निष्ठा और संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और विभाग को उनके उज्ज्वल भविष्य पर गर्व है।
कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के प्रेरणादायक संदेशों के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास, अनुशासन और तकनीकी उत्कृष्टता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया।



