गांव मोठूका के पूर्व सरपंच राजवीर ने कहा कि हमारी जमीन उपजाऊ है। वन विभाग द्वारा इस जमीन पर पौधे लगाए गए है। यह भूमि पेड़ से हरी भरी बनी हुई है। जिसपर वन्य जीव जैसे नीलगाय,हिरण,गौवंश चारा खाते है। पर्यावरण के लिहाज से यह भूमि सर्वोत्तम है। उसके बावजूद बेरहम सरकार यहां पर कूडा निस्तारण प्लांट लगाने के लिए ग्रामीणों पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर वेस्ट टू चारकोल प्लांट लगाने से पर्यावरण प्रदूषित होगा। यहां की शुद्ध हवा विषैली हो जाएगी। जल प्रदूषित हो जाएगा और जमीन बंजर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जहां पर यह प्लांट लगाना चाहती है उसके नजदीक बीपीएल कॉलोनी,जवाहर नवोदय विद्यालय,अटल बिहारी मेडिकल कॉलेज भी बना हुआ है ऐसे में यहां पर वेस्ट टू चारकोल प्लांट नहीं लगने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि सरकार विकास के नाम पर गांवों को बर्बाद करने में तुली हुई है। उन्होंने कहा कि वेस्ट टू चारकोल प्लांट लगाने से पूरे क्षेत्र का वातावरण दूषित हो जाएगा। इस प्लांट को लेकर सरकार के खिलाफ खड़े हुए है। उन्होंने कहा कि मर जाएंगे लेकिन इस प्लांट को लगाने नहीं दिया जाएगा।
ग्रामीण मुरारी लाल ने कहा कि हमारी हरी भरी जमीन है। जब तक यह प्रस्ताव पूरी तरह से रद्द नहीं हो जाता तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सरकार के खिलाफ महापंचायत करने की योजना बनाई जा रही है।