मुजफ्फरपुर में सस्पेंड दारोगा पर दबंगई का आरोप, वकील का घर खाली कराने पहुंचे तो हुआ हंगामा
मुजफ्फरपुर: शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के सोडा गोदाम चौक इलाके में बुधवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक निलंबित दारोगा कथित तौर पर एक अधिवक्ता के पैतृक मकान को खाली कराने पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हंगामा होता रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता विजय प्रसाद और राजू कुमार के घर पर पहुंचे दारोगा की मौजूदगी का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध बढ़ने पर उन्होंने अपनी पिस्टल निकाल ली और कार्रवाई की चेतावनी दी। हालांकि, भीड़ का आक्रोश देखते हुए वह मौके से चले गए। सूचना मिलने पर पुलिस की गश्ती टीम भी स्थल पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
न्यायालय में चल रहा मामला
पीड़ित राजू कुमार का कहना है कि मकान से जुड़ा विवाद पहले से न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद रात करीब साढ़े आठ बजे निलंबित एसआई सुजीत कुमार निजी वाहन से पहुंचे और जबरन घर में प्रवेश कर दबाव बनाने लगे। उन्होंने मारपीट और गाली-गलौज का भी आरोप लगाया है। राजू के मुताबिक, पूर्व में बिना किसी आधिकारिक आदेश के उनके घर में सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया था, जिसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की गई थी।
बताया जा रहा है कि संबंधित दारोगा फिलहाल ब्रह्मपुरा थाने से निलंबित हैं। इसके बावजूद उन पर पुलिस पद का रौब दिखाकर मकान खाली कराने का प्रयास करने का आरोप है।
वहीं, ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन मांगा गया है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि दारोगा किराये के मकान के संबंध में वहां पहुंचे थे।
फिलहाल, पूरे प्रकरण की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की शिकायत मिली है। इसका वीडियो भी मिला है। इसमें दोनों के बीच बातचीत हो रही है। पिस्टल निकालने की बात सामने नहीं आई है। सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
– मो. मोहिबुल्लाह अंसारी, सिटी एसपी
