सुनेत्रा पवार बनीं NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष, अजित पवार के निधन के बाद सर्वसम्मति से फैसला
सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। यह निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुई इस दुर्घटना ने राज्य की राजनीति को झकझोर दिया था।
पार्टी नेताओं ने जताया भरोसा
महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनिल तटकरे ने सुनेत्रा पवार के नाम का समर्थन करते हुए इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।
बैठक के दौरान दिवंगत नेता अजित पवार को श्रद्धांजलि भी दी गई। उनके निधन के बाद पार्टी में उत्पन्न नेतृत्व संकट के बीच सुनेत्रा पवार को पहले एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया था।
उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी
31 जनवरी को उन्हें महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। वह राज्य के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला बनीं। वर्तमान में वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री भी हैं।
उनके पास राज्य आबकारी, खेल एवं युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और वक्फ जैसे अहम विभाग हैं। 26 फरवरी को उन्होंने आधिकारिक रूप से पार्टी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
सामाजिक कार्य से राष्ट्रीय नेतृत्व तक
सुनेत्रा पवार का राजनीतिक सफर तेजी से आगे बढ़ा है। वह हाल ही में राज्यसभा सदस्य बनी थीं और कुछ ही हफ्तों में पार्टी और सरकार दोनों में शीर्ष जिम्मेदारियां संभाल लीं।
उन्होंने वर्षों तक बारामती क्षेत्र में शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। बारामती में शैक्षणिक संस्थानों के प्रबंधन से लेकर पर्यावरण से जुड़े अभियानों तक, उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
साल 2024 में उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें वहां हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में उन्हें राज्यसभा भेजा गया। इसके बाद पार्टी में उनकी भूमिका लगातार मजबूत होती गई और अब वह एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गई हैं।
