Breaking News
फरीदाबाद में बैसाखी पर भव्य पारिवारिक मिलन समारोह, समाजसेवियों का हुआ सम्मान

फरीदाबाद, बैसाखी के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद की केशव शाखा, फरीदाबाद द्वारा आयोजित पारिवारिक मिलन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर की प्रथम नागरिक मेयर प्रवीण जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दो प्रमुख व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इनमें सरदार देवेंद्र सिंह और जसविंदर कौर शामिल हैं।

सरदार देवेंद्र सिंह, जो हरियाणा सरकार की स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल, जिला टास्क फोर्स (स्वच्छ भारत मिशन) और भारत सरकार की रोड सेफ्टी कमेटी से जुड़े हैं, लंबे समय से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके निरंतर प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

वहीं, रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन ट्रस्ट की चीफ पैटर्न जसविंदर कौर को भी उनके नेतृत्व में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद केशव शाखा के प्रधान राजेश शर्मा ने सरदार देवेंद्र सिंह को बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया। समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों ने दोनों सम्मानित व्यक्तियों के कार्यों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह सम्मान समाज में सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के उच्च आदर्शों को दर्शाता है। कार्यक्रम के अंत में परिषद की ओर से मेयर प्रवीण जोशी, जिला समन्वयक संदीप मित्तल, सम्मानित अतिथियों और सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

“Learning from the Best” – यूनिवर्सिटी रैंक होल्डर्स के साथ प्रेरणादायक इंटरएक्टिव सेशन का आयोजन

सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा बीबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 9 अप्रैल 2026 को “Learning from the Best” विषय पर एक प्रेरणादायक एवं इंटरएक्टिव सत्र का आयोजन किया गया।
इस सत्र की विशेषता संस्थान के यूनिवर्सिटी रैंक होल्डर्स—रितेश कुमार, एकता शर्मा, कोमल शर्मा, राखी, भावना एवं तनु—की उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपनी सफलता की कहानियाँ साझा करते हुए प्रभावी अध्ययन तकनीकों, समय प्रबंधन, निरंतरता एवं एकाग्रता के महत्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने स्मार्ट तैयारी के तरीकों, परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन तथा आत्मविश्वास बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय भी बताए। उनके अनुभवों ने विद्यार्थियों को न केवल प्रेरित किया बल्कि उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति और अधिक सजग एवं प्रतिबद्ध बनाया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र ने विद्यार्थियों को सीधे रैंक होल्डर्स से संवाद करने का अवसर प्रदान किया, जिससे सत्र और अधिक रोचक एवं ज्ञानवर्धक बन गया।
प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सत्र विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं तथा उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु समर्पित रहने का संदेश दिया।
विभागाध्यक्ष डॉ. मनप्रीत कौर ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे सत्र विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया।

अंत में, कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

करीब 188 करोड़ रुपए की राशि किसानों के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर

अन्नदाता का हक नहीं मार पाएंगे बिचौलिए – राजेश नागर
मंडियों में अब तक लगभग 39.65 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई

फरीदाबाद।
हरियाणा सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सूझबूझ के कारण आज बिचौलिए हमारे अन्नदाता का हक नहीं मार पा रहे हैं। हमने सीएम की अगुवाई में मंडियों की खरीद फरोख्त व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर बिचौलियों की संभावना को खत्म कर दिया है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की मंडियों में रबी फसल की सफलतापूर्वक खरीद हो रही है और अब तक मंडियों में करीब 39.65 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। इसमें करीब 2.44 लाख किसानों के 30.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं का बायोमेट्रिक सत्यापन होने के उपरांत 10.92 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद भी हो गई और करीब 188 करोड़ रुपए की राशि किसानों के बैंक खाते में सीधे पहुंच भी गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य में रबी खरीद सीजन 2026 – 27 के दौरान सरसों की खरीद 28 मार्च 2026 एवं गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से आरम्भ हो चुकी है। भारत सरकार द्वारा सरसों एवं गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य क्रमशः 6200 और 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके तहत सरसों की खरीद के लिए 112 मंडियों अथवा खरीद केंद्रों और गेहूं की खरीद के लिए 416 मंडियों अथवा खरीद केंद्रों सहित 264 अतिरिक्त खरीद स्थानों पर भी फसल की खरीद जारी है।
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि राज्य में सरसों की खरीद हैफेड एवं गेहूं की खरीद खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हैफेड, हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन तथा भारतीय खाद्य निगम द्वारा की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा खाद्यान्नों की खरीद प्रक्रिया को ओर अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शिता बढ़ाने हेतु नए प्रावधान किये गए जिसमें किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन, वाहन का रजिस्ट्रशन नंबर, मंडियों/खरीद केंद्रों की जियो फेंसिंग, कैमरे आदि की व्यवस्था की गई। जिससे किसानों के समय की बचत हो रही है वहीं अन्नदाता के हक में सेंध लगाने की हर संभावना को खत्म कर दिया गया है।
खाद्य मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष रबी खरीद सीजन 2025 – 2026 के दौरान 12 अप्रैल 2025 तक राज्य भर की मंडियों में लगभग 20.39 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई थी और लगभग 10.47 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई थी और 174.39 करोड़ राशि का भुगतान किसानों की किया गया था। इस वर्ष सरकार द्वारा राज्य की मंडियों और खरीद केंद्रों में किसानों के बायोमेट्रिक सत्यापन हेतु 1281 मशीनें, 407 आँख की पुतली से पहचान (Iris Scanning devices) मशीनें स्थापित की गई हैं। इसके अलावा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पर पंजीकृत किसान स्वयं अथवा उस द्वारा मनोनीत प्रतिनिधियों में से कोई भी एक व्यक्ति, मंडी में अपना बायोमेट्रिक सत्यापन करके फसल बेच सकता है।
राजेश नागर ने बताया कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगभग 2500 और 114 तकनीकी स्टाफ नियुक्त किया गया है। वहीं राज्य की मंडियों में लगभग 932 कैमरे स्थापित किये गए हैं जिससे मंडियों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने खाद्यान्नों की खरीद के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं और राज्य के किसानों को अपनी उपज की बिक्री करने में कोई परेशानी नहीं आने नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से उनका एक – एक दाने की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

रोटरी क्लब न्यू गुरुग्राम ने डीएलएफ अल्टीमा में मेगा नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन

गुरुग्राम/फरीदाबाद,12 अप्रैल। सुनील कुमार जांगड़ा, 167 लाभार्थियों की जांच वैसाखी के पावन अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ न्यू गुरुग्राम ने सेक्टर 81 स्थित डीएलएफ अल्टीमा के निवासियों के सहयोग से सोसाइटी के सपोर्ट स्टाफ एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक मेगा नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया।
इस शिविर में उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली, जहां 167 लोगों की नि:शुल्क आंखों की जांच की गई। साथ ही जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण और 87 चश्मे प्रदान किए गए। लाभार्थियों में सुरक्षा कर्मी, हाउसकीपिंग एवं मेंटेनेंस स्टाफ, घरेलू सहायिकाएं, मजदूर और आसपास के गांवों के निवासी शामिल रहे।


इस पहल को सफल बनाने में डीएलएफ अल्टीमा के निवासियों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिनके सहयोग से शिविर का सुचारू संचालन और व्यापक पहुंच सुनिश्चित हुई। यह शिविर रोटरी क्लब ऑफ न्यू गुरुग्राम द्वारा प्रायोजित एवं संचालित किया गया, जो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रविंदर गुगनानी (डिस्ट्रिक्ट 3011) के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सोसाइटी के वरिष्ठ नागरिक दल द्वारा किया गया। इस अवसर पर रोटरी के सदस्यों में रोटेरियन राहुल अग्रवाल, रोटेरियन डॉ. राम के. यादव, रोटेरियन मिनी अग्रवाल, रोटेरियन प्रीति दीक्षित, रोटेरियन वनीता सखुजा, रोटेरियन प्रीति डोकानिया, रोटेरियन पियूष मित्तल, रोटेरियन लवनी अग्रवाल, रोटेरियन कमल लूथरा एवं रोटेरियन अतुल वर्मा उपस्थित रहे।
युवा स्वयंसेवकों धृति अग्रवाल, साईशा सचदेव और रीत ने कतार प्रबंधन और शिविर के सफल संचालन में सराहनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ न्यू गुरुग्राम के अध्यक्ष रोटेरियन राहुल अग्रवाल ने कहा,
“सच्ची सेवा वही है जो सबसे जरूरतमंद तक पहुंचे। यह पहल हमारे विस्तारित समुदाय को बेहतर दृष्टि और स्वस्थ जीवन प्रदान करने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। इतनी बड़ी संख्या में सहभागिता हमें ऐसे सार्थक प्रोजेक्ट्स के माध्यम से निरंतर समाज सेवा के लिए प्रेरित करती है।”

किसानों व आढ़तियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध :राज्यमंत्री श्री राजेश नागर

मंडियों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें अधिकारी, किसानों को न हो कोई परेशानी- बोले राज्य मंत्री हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने अधिकारियों के साथ किया झज्जर व आसौदा मंडियों का किया निरीक्षण मंडियों में अधिकारियों के साथ गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा

झज्जर, 2 अप्रैल। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने गुरुवार को जिला की झज्जर व आसौदा अनाज मंडी एवं खरीद केंद्र का दौरा कर रबी फसलों की खरीद व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आसौदा खरीद केंद्र पर पहुंचने पर एसडीएम अभिनव सिवाच व भाजपा नेता दिनेश सेवामूर्ति व किसानों ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं झज्जर पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी  व जिला परिषद के चैयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने स्वागत किया। इस बीच राज्य मंत्री श्री नागर ने मंडियों में किसानों व आढतियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचते समय किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की फसल का एक-एक दाना समय पर और उचित मूल्य पर खरीदा जाए तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और किसान हितैषी बनाया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मंडियों में लगातार मौजूद रहकर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करें।
बाक्स
एमएसपी पर फसल खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश
इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि इस बार सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर मिले, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और पूरी पारदर्शिता के साथ राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जाए।

मंडियों में जरूरी सुविधाओं का लिया जायजा, राज्यमंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश
हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, शैड,पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी,मापतोल व्यवस्था,बायोमैट्रिक इलैक्ट्रोनिक डिवार्ईंस,गेट पास,बारदाना उपलब्धता और फसल उठान जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर स्तर पर उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


कंट्रोल रूम से हो रही खरीद प्रक्रिया की निगरानी
डीएफएससी राजेश्वर मुदगिल ने राज्य मंत्री को बताया कि रबी फसलों की खरीद की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए मार्केटिंग बोर्ड कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम जिले की सभी मंडियों में चल रही खरीद प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखेगा। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।


यह अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर मार्किट कमेटी झज्जर के चैयरमैन सतबीर सिंह,वाईस चैयरमैन जसबीर सिंह,सीए नितिन बंसल,जिला पार्षद रवि बराही, किसान अतर सिंह,सुरेंद्र प्रधान,के अलावा प्रशासन की ओर एसडीएम रवि मीणा,एसीपी प्रदीप कुमार,एसीपी अनिरूद्ध चोहान,हैफेड के जिला प्रबंधक कृृष्ण श्योराण,वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के डीएम रोहतास दहिया,सचिव मार्किट कमेटी रामनिवास सहित अन्य अधिकारीगण,आढती व किसान उपस्थित थे।

रोटरी क्लब न्यू गुड़गांव ने 22 जरूरतमंद बालिकाओं को साइकिलें भेंट की:राहुल अग्रवाल

शिक्षा की राह की आसान

गुरुग्राम,29 मार्च। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रोटरी क्लब न्यू गुड़गांव और रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन ने 29 मार्च 2026 को केएल एक्सपोर्ट प्रा. लि.सेक्टर 68, आईएमटी फरीदाबाद के परिसर में 22 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।
यह परियोजना रोटरी क्लब न्यू गुड़गांव के अध्यक्ष रोटेरियन राहुल अग्रवाल तथा रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन के अध्यक्ष रोटेरियन सौरभ मित्तल के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसे जिला गवर्नर रोटेरियन डॉ. रविंदर गुगनानी का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्राप्त हुआ। साइकिलें गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनआईटी-3 फरीदाबाद की छात्राओं, सेक्टर 81 और 82 की झुग्गी बस्तियों की बालिकाओं तथा नया सवेरा एनजीओ की लाभार्थी छात्राओं को प्रदान की गईं।
इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना, स्कूल तक पहुंचने में लगने वाले समय को कम करना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ निरंतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।
इस परियोजना को सीएसआर सहयोग के साथ सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन रीना माथुर के विशेष प्रयासों की सराहना की गई। साथ ही रोटेरियन मिनी अग्रवाल (क्लब ट्रेज़रर), रोटेरियन डॉ. सुमन बंसल, सीए आशुतोष (संस्थापक – नया सवेरा एनजीओ), राहुल नरूला तथा सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बी.एस. यादव, दुर्ग सिंह डागर, राजेंद्र कुमार टाकर और गोविंद पाल का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने जरूरतमंद बालिकाओं की पहचान कर यह सुनिश्चित किया कि साइकिलें सही और योग्य लाभार्थियों तक पहुंचें।
यह पहल रोटरी के मूल सिद्धांत “सेवा ही सर्वोपरि”की सच्ची भावना को दर्शाती है, जो शिक्षा और सशक्तिकरण के माध्यम से बालिकाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने का कार्य कर रही है।

एसडीआईईटी में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन, लगभग 100 यूनिट रक्त संग्रहित

सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET), फरीदाबाद द्वारा हरियाणा शहीदी दिवस (Shaheedi Diwas) के अवसर पर डिवाइन चैरिटेबल ब्लड सेंटर, फरीदाबाद के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 100 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह पहल संस्थान की सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानव सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार एवं रजिस्ट्रार श्री पुष्पराज शर्मा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में श्री आशीष ठकराल, कैप्टन वी.पी. नागर (सेवानिवृत्त), श्री राकेश कुमार तथा डिवाइन चैरिटेबल ब्लड सेंटर के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह शिविर संस्थान के एक्सटेंशन एवं आउटरीच सेल द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना था। शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का सफल आयोजन सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के सक्रिय सहयोग से संभव हुआ, जिसके लिए संस्थान ने सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

AISDST 2026 Day 1: SDIET फरीदाबाद में AI और सतत विकास पर राष्ट्रीय सम्मेलन, प्रो. राजीव कुमार ने दिए अहम विचार

फरीदाबाद: AISDST 2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का पहला दिन 19 मार्च 2026 को सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने भाग लिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सतत विकास एवं रणनीतिक परिवर्तन में योगदान पर गहन चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. राजीव कुमार, कुलपति जे.सी. बोस विश्वविद्यालय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी YMCA उपस्थित रहे। उनके साथ प्रो. वीरेश दत्ता सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

अपने संबोधन में प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल तकनीकी प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सतत विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को AI का उपयोग पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और स्मार्ट गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, प्रो. वीरेश दत्ता ने कहा कि वर्तमान समय में AI परिवर्तन का प्रमुख आधार बन चुका है और शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे छात्रों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से भी सशक्त करें।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न उद्योग विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने AI आधारित नवाचार, वैश्विक रणनीति और पब्लिक सिस्टम्स में इसके उपयोग से जुड़े अवसरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों को तकनीकी सत्रों और शोध-पत्र प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।

सम्मेलन का पहला दिन ज्ञान, नवाचार और शोध के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इस आयोजन ने प्रतिभागियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार होने और सतत विकास की दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

भारत को विकसित बनाने में ग्रामीण पत्रकारों की अहम भूमिका:अपर मुख्य सचिव

नूरपुर:बिजनौर/फरीदाबाद,17 मार्च। महात्मा विदुर की धरती पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उ प्र का भव्य और विशाल प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन रविवार को सम्पन्न हुआ।
चांदपुर मार्ग पर सूर्यांश वेकेंट हाल के खचाखच भरे सभागार में पत्रकारिता चुनौती एवं समाधान’ विषय पर केंद्रित पर आयोजित हुआ।प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव सैनिक कल्याण एवं समाज कल्याण एल.वेकेंटश्वर लू, जिलाधिकारी जसजीत कौर,संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने संगठन के संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल जी व मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया।


इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एल वेकेटश्वर लू ने संगठन की अपने मुख्य संबोधन से पूर्व ग्राम्य गौरव पुस्तिका का विमोचन किया। इसके उपरांत अपने संबोधन में कहा पत्रकार समाज का सच्चा प्रहरी होता है। पत्रकार की कलम को धारदार होना चाहिए। उन्होंने कहा देश और राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि भारत विश्व गुरुओं की शक्ति है। ईश्वरीय शक्ति के बिना कुछ भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा पत्रकारिता में बहुत सारी चुनौतियां हैं। कुछ दुष्ट लोग समाज को परेशान करते हैं। उन्होंने कहा न्याय ही धर्म की आत्मा है। धर्म की प्रतिष्ठा को सुरक्षित रखना ही आपका धर्म है। उन्होंने उपस्थित पत्रकारों से सच्चाई और निष्पक्षता से भारत को विकसित बनाने में अपनी लेखनी का इस्तेमाल करने की अपेक्षा करते हुए युवाओं को सामाजिक कुरीतियों और नशे से दूर रखने के लिए कदम बढ़ाने होंगे।


विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अपने मुख्य संबोधन में कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन व जनता के बीच सेतु का काम करता है।मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। लोकतंत्र को चलाने में अहम भूमिका है। उन्होने का जनपद में उन्हें मीडिया का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। स्वामी महंत मधुसूदन ने अपने शुभाशीष वचनों में कहा कि कलम ज्ञान की शक्ति है। इस शक्ति से भारतीय संस्कृति को मजबूत बनाने और राष्ट्र को सही मार्ग प्रशस्त करने में मीडिया का योगदान अहम है। राज्य सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में संचार क्रांति से सोशल मीडिया तक पर विस्तार से प्रकाश डाला। चांदपुर के सपा विधायक स्वामी ओमवेश ने स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलन में पत्रकार गणेश चतुर्थी के बलिदान को याद दिलाते हुए कहा कि वे पत्रकारिता की धुरी थे। उन्होंने पत्रकारों से उनके आदर्शों पर चलते हुए पत्रकारिता की गरिमा को कायम रखने का आव्हान किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में देश की स्वाधीनता में पत्रकारिता का अहम योगदान बताते हुए आज की पत्रकारिता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सजग पत्रकारिता एक चुनौती बन गया है। प्रदेश महामंत्री संगठन डा.नरेशपाल सिंह ने अपने संबोधन में संगठन की स्थापना और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सम्मेलन को प्रदेश महामंत्री संजय कुमार द्विवेदी के अलावा 11 राज्यों से आए संगठन के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। सम्मेलन के दौरान अतिथियों को पगड़ी पहनाकर व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन का सफल संचालन जिलाध्यक्ष डा.भानुप्रकाश वर्मा व जिला महामंत्री जितेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
सफलतम कार्यक्रम में प्रदेश कार्य समिति के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ सिंह जी, राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण चौहान, उपाध्यक्ष कप्तान वीरेंद्र सिंह जी राम नरेश चौहान, प्रदेश महामंत्री संजय द्विवेदी डॉक्टर नरेश पाल सिंह संगठन सचिव, नागेश्वर सिंह बीवी गौर, जेपी गोविंद राव, प्रचार मंत्री राजेश अग्रहरी, हौसला प्रसाद त्रिपाठी, रोहिताश वर्मा राम सुंदर यादव। प्रांतीय अधिवेशन में हरियाणा कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड आदि राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल रहे।
जिला अध्यक्षों में देवबक्श वर्मा बीवी उपाध्याय, अवधेश त्रिपाठी, इंद्रपाल सिंह, विवेक मिश्रा, अनिल पाण्डेय, पांचाल आलोक तनेजा विजय राघव, अनिल गोविंल, इंद्रपाल पांचाल, विष्णु सिकरवार, बृजभूषण उपाध्याय, कन्हैयालाल यादव, पवन शर्मा, मुजफ्फर नगर संजय राठी, विभिन्न मंडलों के मंडल अध्यक्ष तथा विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

आईआईएएफ की पहल: MSME, DGFT और सरकारी विभागों के साथ संवाद, उद्योगों को निर्यात नीतियों व योजनाओं की दी जानकारी

फरीदाबाद, 12 मार्च 2026।
आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद (IIAF) द्वारा एमएसएमई निदेशालय हरियाणा के सहयोग से IMT फरीदाबाद स्थित विक्टुरा ऑटो में उद्योगपतियों और निर्यातकों के लिए एक नेटवर्किंग एवं क्षमता निर्माण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों को निर्यात से संबंधित नई नीतियों, सरकारी योजनाओं तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों की जानकारी देना और उद्योगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का संयोजन आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद राणा ने किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और उद्योगपतियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार और उद्योगों के बीच निरंतर संवाद से एमएसएमई क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि IIAF हमेशा उद्योगों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने और उनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करता रहेगा।

महानिदेशालय विदेशी व्यापार (DGFT) के उप निदेशक हेमंत कुमार ने निर्यात से संबंधित नई नीतियों और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब उद्योगों को आयात के समय तुरंत इंपोर्ट ड्यूटी जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी। एक विशेष सर्टिफिकेट के आधार पर उद्योग लगभग छह वर्षों तक इंपोर्ट ड्यूटी जमा किए बिना कच्चा माल आयात कर सकते हैं, बशर्ते निर्धारित अवधि में उसके बदले निर्यात किया जाए। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था उद्योगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी और इससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उद्योगपतियों को Import Export Code (IEC), DGFT पोर्टल की सुविधाओं तथा निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी दी।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए फॉरेन ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के तहत कई उत्पादों पर आयात और निर्यात शुल्क लगभग शून्य हो गया है, जिससे भारतीय उद्योगों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।

इस अवसर पर जिला एमएसएमई केंद्र फरीदाबाद के उप निदेशक रामनदीप ने हरियाणा सरकार द्वारा एमएसएमई और निर्यातकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक्सपोर्ट प्रमोशन सहायता राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दिया है, जिससे उद्योगों को निर्यात बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

एमएसएमई निदेशालय हरियाणा के प्रतिनिधियों सारंग खन्ना, बिनवंत सिंह तथा राजन धीमन (GIFT Cell) ने राज्य सरकार की प्रमुख औद्योगिक पहलों, RAMP कार्यक्रम तथा MSMEs को बाजार से जोड़ने और नियामकीय सहायता प्रदान करने की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी साझा की।

ECGC की ब्रांच मैनेजर प्रियंका ने निर्यातकों के लिए उपलब्ध क्रेडिट रिस्क इंश्योरेंस तथा वित्तीय सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ये योजनाएँ विदेशी खरीदारों द्वारा भुगतान न होने तथा अन्य व्यापारिक जोखिमों से निर्यातकों को सुरक्षा प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित ओपन हाउस इंटरैक्शन में उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव अधिकारियों के साथ साझा किए और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर चर्चा की।

इस अवसर पर आईआईएएफ की जनरल सेक्रेटरी रश्मि सिंह, एडिशनल जनरल सेक्रेटरी अजय अभरोल, जॉइंट सेक्रेटरी तेज चौधरी, ट्रेज़रार देवेंद्र गोयल, सीनियर वाइस प्रेजिडेंट एच.एस. शेखो, वाइस प्रेजिडेंट वी.पी. गोयल, चेयरमैन डी.पी. यादव, वी.पी. दलाल, ब्लॉक लीडर पनीत गुप्ता, अमित खन्ना, अजय लोकोटिया सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे।