Breaking News
अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रही कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 11 माह के मासूम समेत तीन की मौत

होली से पहले अल्मोड़ा जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बसौली के पास गुरुवार को शादी समारोह से लौट रही एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि सभी लोग झिझाड़ गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे। बसौली के समीप चालक अर्जुन कुमार (35) वाहन से नियंत्रण खो बैठे और कार सीधे खाई में जा गिरी। देखते ही देखते खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

दुर्घटना में 11 माह के रेहान पुत्र महेश आर्या और मंजू देवी (45) पत्नी गोपाल राम की जान चली गई। इस हादसे में एक पिता ने अपने मासूम बेटे को खो दिया तो एक पति ने अपनी जीवनसंगिनी को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।

हादसे में महेश आर्या, गोपाल राम, जया देवी, संजय कुमार (18) और चालक अर्जुन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का इलाज अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही ताकुला चौकी पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और अल्मोड़ा से पहुंची फायर सर्विस टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।

चारधाम यात्रा 2026: इस बार बस किराया नहीं बढ़ेगा, हरिद्वार से 4450 और ऋषिकेश से 4250 रुपये तय

संवाददाता, ऋषिकेश || चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए इस बार राहत भरी खबर है। यात्रा के दौरान बसों का संचालन करने वाली संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने स्पष्ट किया है कि इस साल बस किराए में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। राज्य में पंजीकृत सभी बसें रोटेशन व्यवस्था के तहत यात्रा में शामिल होंगी।

चारधाम यात्रा में दस परिवहन कंपनियां संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अंतर्गत बसों का संचालन करती हैं। गुरुवार को सर्वसम्मति से रोटेशन व्यवस्था का विधिवत गठन किया गया। इससे पहले गढ़वाल मोटर आनर्स यूनियन से जुड़े भास्करानंद भारद्वाज को समिति का अध्यक्ष चुना जा चुका है।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड में पंजीकृत सभी बसों को रोटेशन व्यवस्था के तहत ही यात्रा में संचालित किया जाएगा। समिति ने इस वर्ष किराए में किसी भी प्रकार की वृद्धि न करने का फैसला लिया है। चारधाम यात्रा का किराया पूर्व की भांति ही रहेगा। हरिद्वार से प्रति सीट 4450 रुपये और ऋषिकेश से 4250 रुपये निर्धारित किए गए हैं। संयुक्त रोटेशन व्यवस्था के तहत बसों को यात्रा में भेजने के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई जाती है।

लॉटरी में निकले नंबर के आधार पर ही वाहनों को यात्रा में भेजा जाता है। बैठक में समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज सहित विभिन्न परिवहन संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन अजय बधानी द्वारा किया गया।

अप्रैल में शुरू होगी चारधाम यात्रा

इस वर्ष चारधाम यात्रा अप्रैल माह में प्रारंभ होगी। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

संयुक्त रोटेशन व्यवस्था में शामिल प्रमुख संस्थाएं

  • हरिद्वार कांट्रेक्टर
  • गढ़वाल मोटर आनर्स यूनियन
  • टिहरी गढ़वाल मोटर आनर्स
  • यातायात
  • गढ़वाल मंडल कांट्रेक्ट कैरेज
  • रूपकुंड पर्यटन विकास समिति
  • सीमांत सहकारी संघ लिमिटेड
  • दून वैली कांट्रेक्ट कैरेज एसोसिएशन
  • गढ़वाल मोटर यूजर्स
  • गढ़वाल मंडल बहुउद्देशीय सहकारी समिति