गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर का आरोप, प्रिंसिपल पर उत्पीड़न का मामला

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) की एक महिला डॉक्टर ने मंगलवार को संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. अच्युत बैश्य द्वारा कार्यस्थल पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच शुरू की गई है।
एसोसिएट प्रोफेसर और क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष ने इससे पहले छह फरवरी को मुख्यमंत्री कार्यालय को एक विस्तृत शिकायत सौंपी थी, जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अनुचित व्यवहार, धमकी और प्रशासनिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
शिकायत के अनुसार, स्वतंत्र विभाग की स्थापना के बाद डॉक्टर को शुरू में प्रशासन से सराहना मिली, लेकिन बाद में संबंध बिगड़ गए। गुवाहाटी के पानबाजार महिला पुलिस स्टेशन में दर्ज अपनी एफआइआर में डॉक्टर ने दावा किया कि डॉ. बैश्य ने बार-बार उनसे अकेले अपने कार्यालय में मिलने पर जोर दिया, जबकि अस्पताल परिसर के भीतर नियमित आधिकारिक बातचीत संभव थी। ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे उन्हें असहज महसूस हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. बैश्य ने उनसे कहा कि जब वह पूरी तरह से खाली और अकेली हों तब उन्हें फोन करें और सुझाव दिया कि उनसे मिलने के लिए दरवाजा हमेशा खुला है।
