Breaking News
Delhi Weather Update: सामान्य से ज्यादा तापमान, अगले 5 दिनों में और बढ़ोतरी, AQI खराब श्रेणी में

नई दिल्ली: राजधानी में गर्मी का असर फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही महसूस होने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, फिलहाल तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 28 फरवरी से अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है। अनुमान है कि पहले एक से दो डिग्री और उसके बाद तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है।

बुधवार को रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग और लोदी रोड में 30.2 डिग्री, आयानगर में 30 डिग्री तथा पालम में 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग में 12.6 डिग्री, पालम में 13.8 डिग्री, लोदी रोड में 12.4 डिग्री, रिज क्षेत्र में 14.8 डिग्री और आयानगर में 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कुहासा रहने की संभावना है, जबकि दिन में लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

वहीं, राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 228 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। आनंद विहार क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जहां AQI 326 यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज हुआ। शहर के 26 निगरानी केंद्रों पर AQI खराब और 11 केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी और हवा की गति में बदलाव का असर आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *