बल्लभगढ़ के सनातन हनुमान मंदिर में भागवत सप्ताह यज्ञ का आयोजन, गोवर्धन लीला के माध्यम से दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
बल्लभगढ़। पंजाबी वाड़ा स्थित सनातन हनुमान मंदिर में भागवत सप्ताह यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बहन शांता जी एवं सनातन हनुमान महिला मंडल द्वारा कराया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा और यज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
आयोजन के दौरान मुकेश मित्तल पटाखे वाले, ब्रज मोहन मित्तल और भारती मित्तल ने व्यास जी, आचार्य गण एवं सभी संगीतकारों का स्वागत किया तथा भव्य प्रसाद व्यवस्था की।
कथा के षष्ठम दिवस पर प्रसिद्ध ज्योतिष आचार्य एवं शिक्षाविद डॉ. बांके बिहारी ने गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान गिरिराज की सच्ची पूजा तभी होगी जब हम गौ माता, पहाड़, जंगल, जल, जमीन, वायु और सभी जीवों के संरक्षण के लिए जागरूक होंगे।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत भगवान श्रीकृष्ण का वामांग स्वरूप है, जिसमें भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का सुंदर समावेश है। बिना ज्ञान के भक्ति अधूरी है और बिना भक्ति के ज्ञान भी सार्थक नहीं होता।
डॉ. बांके बिहारी ने कथा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत में जीवन के अनेक महत्वपूर्ण संदेश छिपे हुए हैं।
कार्यक्रम में संगीत मनीषी सुशील जी, अर्जुन शास्त्री, बाल कलाकार कृष्णा ठाकुर सहित मंदिर प्रधान बंटी कालरा मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहली बार इतना बड़ा भागवत कथा आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर कथा व्यास राधा नंदनी के सत्संग का लाभ भी भक्तों को मिल रहा है। आयोजन के सूत्रधार ज्योतिष आचार्य कशिश ने बताया कि मंदिर के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर भक्तों का समागम हुआ है।
भागवत सप्ताह यज्ञ का समापन 30 जून मंगलवार को यज्ञ और भंडारे के साथ किया जाएगा।

