Breaking News
आज़मगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के परसिया गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में आठ माह की गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल

आज़मगढ़/उत्तर प्रदेश/संवाददाता-शुभम कुमार रावत

आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के परसिया गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में आठ माह की गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, परसिया गांव निवासी बिपिन सिंह (23) अपने नए मकान का निर्माण करा रहे थे। मंगलवार की रात करीब आठ बजे निर्माण कार्य के दौरान उनके चाचा रामबदन ने कथित रूप से काम रुकवाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि रामबदन और उनके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से बिपिन सिंह पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं बिपिन की बहनें सुनीता सिंह (32) निवासी हरैया जमुआरी थाना रौनापार, पूनम सिंह (25) निवासी बढ़या थाना रानी की सराय तथा रिंकू (26) निवासी शिवरी, जनपद बलिया भी हमले का शिकार हो गईं। मारपीट में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में पूनम सिंह के आठ माह की गर्भवती होने के कारण परिवार की चिंता बढ़ गई है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रौनापार थाना प्रभारी अमित कुमार दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रामबदन, सतेंद्र, नितिश, गौरव, राबड़ी और साधना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *