30 मीटर हवा में उड़कर घर में घुसा ट्रक: अमेरिका में तेज रफ्तार का खौफनाक हादसा
अमेरिका से एक हैरान कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार से दौड़ता एक ट्रक मिट्टी के टीले से उछलकर हवा में लगभग 30 मीटर तक उड़ता हुआ एक घर के भीतर जा घुसा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक को हवा में उछलते हुए साफ देखा जा सकता है।
यह दुर्घटना पिछले शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे टाइगार्ड में हुई। स्थानीय पुलिस के अनुसार ट्रक पश्चिम दिशा में साउथवेस्ट स्कोल्स फेरी रोड पर जा रहा था। बताया गया कि चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। घर के दरवाजे पर लगे कैमरे की फुटेज में दिखा कि ट्रक पहले मिट्टी के टीले से उछला, फिर एक रिटेनिंग वॉल को पार करता हुआ सीधे मकान की दीवार से जा टकराया।
घर के बाथरूम में जा घुसा ट्रक
ट्रक डेविड ब्रुडनोक नामक व्यक्ति के घर के ग्राउंड फ्लोर स्थित बाथरूम में जा घुसा। ब्रुडनोक ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि कोई ट्रक उड़ते हुए घर में आ सकता है। अचानक तेज धमाका हुआ और पूरा घर हिल गया। नीचे जाकर देखा तो मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
हादसे के समय ब्रुडनोक, उनकी पत्नी और तीनों छोटे बच्चे घर की ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह ईश्वर के आभारी हैं कि घटना के वक्त पूरा परिवार ऊपर था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ड्राइवर पर केस दर्ज
दुर्घटना के बाद चालक खुद वाहन से बाहर निकल आया, जबकि दमकल विभाग की टीम ने मलबे में फंसे एक यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार ड्राइवर और यात्री दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने 33 वर्षीय चालक जैकब हैंकिंस के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी फिलहाल दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं, जिसमें ट्रक की रफ्तार और टक्कर से पहले की ड्राइविंग स्थिति का विश्लेषण शामिल है।
